कोरोना काल में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया घूम रहे थे आजमगढ़ के सांसदः योगी आदित्यनाथ




Mj vivek 
आजमगढ़। जिले के सगड़ी व लालगंज में सोमवार को जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूरे फार्म में दिखे। आजमगढ़ सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जम कर निशाना साधा। सीएम ने कहा कि कोरोना काल में हम आजमगढ़ में तीन बार आए थे। यहां की मेडिकल व्यवस्था समेत अन्य सुविधाओं की लगातार पड़ताल की। भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सेवा के कार्य में जुटे थे। लेकिन आजमगढ़ के सांसद नदारद थे। उनका कहीं पता ही नहीं था। पहली लहर में मैंने पूछा कि आजमगढ़ के सांसद कहां है, तो पता चला कि इंग्लैंड गए। जब दूसरी लहर आई तो पता किया तब पता चला कि ऑस्ट्रेलिया गए हैं। उन्होंने मौजूद जनता से पूछा कि आजमगढ़ के लोगों ने उन्हें ऑस्ट्रेलिया व इंग्लैंड जाने के लिए तो नहीं चुना था ना। सीएम योगी ने कहा कि आजमगढ़ के सांसद कोरोना वैक्सीन को भाजपाई और मोदी जी की वैक्सीन बताते थे। बोले- अब तो अब्बा जान भी वैक्सीन लगवा चुके हैं। आप भी लगवा लें। नया वैरिएंट आ गया है। वैक्सीन लगवा लेंगे तो शायद सच बोलने की आदत आ जाएगी। नहीं तो झूठ पर झूठ बोलकर जैसे आजमगढ़ के लोगों को धोखा दे रहे थे वैसे ही प्रदेश के लोगों को भी धोखा दे रहे थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी सत्ता में आने के बाद गरीबों, दलितों व व्यापारियों को सता रही थी। आजमगढ़ इसका भुक्तभोगी था। यहां के लोग कहीं बाहर जाते थे तो उन्हें किसी धर्मशाला में कमरा नहीं मिलता था। आजमगढ़ का नाम सुनते ही होटलों में भी कमरे नहीं मिलते थे। यह संकट उन्होंने ही खड़ा किया था, जिन्होंने कोरोना काल में यहां की जनता को लावारिस छोड़ दिया था।



सीएम ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में तो अराजकता ही उसका पर्याय हो गया था। सीएम योगी ने कहा कि कुछ लोगों ने बाबा साहब भीमराव आंबेडकर के नाम पर राजनीति तो की लेकिन जब भी अनुसूचितों व गरीबों की बात होती थी, उनपर अत्याचार होते थे तो वो मौन साध लेते थे। याद कीजिए जब समाजवादी पार्टी की सरकार थी तब रामपुर में उस समय मंत्री आजम खां द्वारा गरीबों व अनुसूचितों के घर उजाड़े जाते थे। उस वक्त कांग्रेस और बसपा मौन थी। तब केवल भारतीय जनता पार्टी आंदोलन कर रही थी। सत्ताधारी दल का एक मंत्री अराजकता पैदा करे, हमें यह स्वीकार नहीं था। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार दोपहर 12.50 पर सगड़ी स्थित जूनियर विद्यालय में पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1.30 बजे 73.14 करोड़ रुपये की लागत की कुल 32 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। जिसमें 17 परियोजनाओं का लोकार्पण व 15 का शिलान्यास किया गया। इस दौरान विभिन्न परियोजनाओं से लाभान्वित लोगों को सम्मानित किया।

Post a Comment

1 Comments

  1. बिल्कुल सत्य बिल्कुल सत्य साफ-साफ पारदर्शी खबरें देने के लिए धन्यवाद

    ReplyDelete